वर्ष 31 / अंक-44 / नगर परिषद के खिलाफ प्रतिवाद मार्च

नगर परिषद के खिलाफ प्रतिवाद मार्च

थाना मोड़ समेत बाजार क्षेत्र के सभी सड़कों व मुहल्लों से जल निकासी करने, जर्जर सड़क की मरम्मती व नाला बनाने, सफाई के नाम पर प्रतिमाह 20 लाख रूपये की बंदरबांट की जांच करने, डेंगू के रोकथाम के लिए फॉगिंग एवं छिड़काव करने आदि मांगों को लेकर विगत 21 अक्टूबर 2022 को समस्तीपुर के ताजपुर में इनौस, ऐपवा और भाकपा(माले) के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल चौक से प्रतिरोध मार्च निकाला. अपने-अपने हाथों में मांगों से संबंधित नारे लिखी तख्तियां लहराते और जोशीले नारे लगाते कार्यकर्ताओं ने थाना मोड़ स्थित जल जमाव स्थल पर पहुंच कर लापरवाह व मनमाना करने वाले नगर परिषद अधिकारी और कर्मियों के विरूद्ध जोरदार प्रदर्शन किया. इसके बाद भाकपा(माले) के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में एक सभा आयोजित की गयी.

सभा को संबोधित करते हुए ऐपवा जिला अध्यक्ष वंदना सिंह ने कहा कि ताजपुर नगर परिषद में सफाई के नाम पर हर माह करीब 20 लाख रूपये खर्च होते हैं, फिर भी दर्जनों वार्डों, सड़कों, मुहल्लों आदि की न सफाई हो पाती है और न ही कूड़े का उठाव होता है. बिल्कुल साफ है कि इस राशि का बंदरबांट किया जाता है.

इनौस जिला सचिव आसिफ होदा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पर्व-त्योहार को देखते हुए बार-बार स्मार पत्र देकर जल निकासी, सड़क मरम्मती एवं नाला निर्माण, सफाई, कूड़े का उठाव, फॉगिंग एवं दवा छिड़काव करने की मांग की गई, लेकिन नगर प्रशासन इसे नजरअंदाज करता रहा.

इनौस के प्रखंड उपाध्यक्ष मो. ऐजाज ने कहा कि जनहित के कार्यों को लेकर उनकी टीम ने लगातार प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी से मिलने की कोशिश की लेकिन वे कार्यालय आते ही नहीं हैं. उन्होंने सरकार से पूर्णकालिक कार्यपालक पदाधिकारी की नियुक्ति की मांग की जिससे कि विकास कार्यों को गति दी जा सके. अंत में नगर प्रशासन का पुतला फूंकते हुए समस्याओं का समाधान नहीं होने पर सड़क जाम करने समेत अन्य उपायों से आंदोलन तेज करने की घोषणा की गई.

किसान महासभा के प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, मो. शकील, संजीव राय, बासुदेव राय, एकरामुल खां, वाहिद होदा, चांद बाबू, राजद नेता तबरेज आलम, सामाजिक कार्यकर्ता मजहर आलम, अर्जुन कुमार, मो. तमन्ना, अब्दुल रहमान, आसिफ नूतन, मो. नेहाल, फरहादुल होदा, मो. सोनू आदि ने आयोजित सभा को संबोधित करते हुए नकारा नगर परिषद प्रशासन को आड़े हाथों लिया.

against city council

01 November, 2022