वर्ष 33 / अंक-31 / सफाई मजदूर एकता मंच ने किया प्रदर्शन

सफाई मजदूर एकता मंच ने किया प्रदर्शन

समान काम के लिए समान वेतन की गारंटी करो

प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) में विगत विगत 15 सितंबर 2022 को सफाई मजदूर एकता मंच (संबद्ध एक्टू) द्वारा पत्थर गिरिजाघर धरना स्थल पर सफाई मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सफाई मजदूर एकता मंच के अध्यक्ष कामरेड राम सिया जी ने कहा कि नगर निगम में स्वास्थ्य विभाग में सफाई के काम में लगे सफाई कर्मचारी, ड्राइवर, डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाले कर्मचारियों का हर तरह से उत्पीड़न किया जा रहा है. जहां एक तरफ दुनिया के तमाम देशों में सफाई का काम समाज के स्वास्थ्य के लिए सबसे जरूरी और नियमित चलने वाला काम है और उसके लिए दुनिया के तमाम देश सफाई के काम में लगे कर्मचारियों को उच्च पदों के अधिकारियों से भी ज्यादा वेतन और सुविधाएं देते हैं वहीं हमारे यहां सफाई के काम में लगे कर्मचारियों को सबसे खराब स्थिति में और न्यूनतम से बहुत कम वेतन में काम करना पड़ता है. बड़ी संख्या में कर्मचारी ठेका और आउटसोर्सिंग के रूप में कार्यरत हैं और उन्हें सामाजिक सुरक्षा फंड, बीमा, ईएसआई साप्ताहिक अवकाश लम्बे जूते, मास्क, दस्ताने कुछ भी नहीं मिलता.

 सफाई मजदूर एकता मंच के महामंत्री संतोष ने कहा कि पूरे देश में स्वच्छता पर जोर है और प्रयागराज में भी स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. बावजूद उसके स्वच्छता के आंकड़ों में उत्तर प्रदेश के जिले बहुत पीछे दिखाई देते हैं. स्वच्छता में प्रयागराज नंबर वन हो सके इसके लिए जरूरी है कि स्वच्छता कार्य में लगे कर्मचारियों की समस्याओं को तत्काल हल किया जाए ताकि स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत की लड़ाई में हम अपना योगदान दे सकें. उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को कई जिलों में मिल रहा न्यूनतम वेतन 12,400 रूपये प्रयागराज में भी दिया जाए. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याएं प्रशासन हल नहीं करता है तो हम एक बड़े जन आंदोलन की ओर जाएंगे.

कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के उपाध्यक्ष अशोक ने कि. कार्यक्रम में एक्टू के प्रदेश सचिव कामरेड अनिल वर्मा, अशोक प्रेमचंद, संतोष कुमार, अनिल वाल्मिकी, रूपा, सोतीलाल, धर्मी, अच्छेलाल व आरवाईए के प्रदेश सचिव सुनील मौर्य आदि समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. सभी लोगों ने उपरोक्त सवालों व मांगों पर अपना आंदोलन तेज करने का संकल्प लेते हुए इसका समापन किया.

Safai Mazdoor Ekta Manch

28 September, 2022